वेनेजुएला भूकंप: क्या है भूकंपीय युग्म की दुर्लभ परिघटना

हाल ही में उत्तरी वेनेजुएला में 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके झटके आस-पास के क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। इस घटना ने भूकंप वैज्ञानिकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया, क्योंकि इसके ‘भूकंपीय युग्म’ (Seismic Doublet) होने की आशंका व्यक्त की गई है।

भूकंपीय युग्म (Seismic Doublet) क्या है?

  • भूकंपीय युग्म भूकंप की एक दुर्लभ परिघटना है, जिसमें लगभग समान तीव्रता वाले दो शक्तिशाली भूकंप अल्प समय के अंतराल में तथा एक-दूसरे के निकटवर्ती क्षेत्रों में आते हैं, जिससे सामान्य भूकंपों की तुलना में राहत एवं बचाव कार्य कहीं अधिक जटिल हो जाते हैं।
  • सामान्य भूकंप अनुक्रम के विपरीत, ये दोनों स्वतंत्र मुख्य भूकंपीय घटनाएं (Primary Seismic Events) होती हैं और प्रत्येक व्यापक स्तर पर विनाश करने में सक्षम होती है।

यह कैसे उत्पन्न होता है?

  • किसी प्रमुख भ्रंश (Fault) के सहारे संचित विवर्तनिक (Tectonic) तनाव के अचानक मुक्त होने से शक्तिशाली भूकंप उत्पन्न होता है।
  • इस प्रक्रिया के दौरान तनाव का पुनर्वितरण (Stress Redistribution) निकटवर्ती ऐसे भ्रंश खंड (Fault Segment) को सक्रिय कर सकता है, जो पहले से ही टूटने (Rupture) की अवस्था के निकट हो।
  • परिणामस्वरूप, पृथ्वी की पर्पटी के स्थिर होने से पहले ही दूसरा बड़ा भूकंप आ सकता है, जिससे भूकंपीय युग्म की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

आफ्टरशॉक (Aftershocks) से यह कैसे भिन्न है?

  • सामान्यतः किसी बड़े भूकंप के बाद अपेक्षाकृत छोटे-छोटे आफ्टरशॉक आते हैं, जिनकी तीव्रता समय के साथ घटती जाती है।
  • इसके विपरीत, भूकंपीय युग्म में दोनों भूकंप लगभग समान तीव्रता के होते हैं तथा उन्हें आफ्टरशॉक नहीं, बल्कि दो स्वतंत्र मुख्य भूकंपीय घटनाओं के रूप में माना जाता है।

व्यापक परिप्रेक्ष्य

सुमात्रा (2007), कुरील द्वीपसमूह (2006), अलास्का, जापान, फिलीपींस तथा प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में पूर्व में भी भूकंपीय युग्म की घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। वेनेजुएला का यह भूकंप इस तथ्य को रेखांकित करता है कि भूकंप निगरानी तंत्र, भूकंप-प्रतिरोधी अवसंरचना तथा बहु-घटना (Multi-event) आधारित आपदा तैयारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है, क्योंकि ऐसी दुर्लभ भूकंपीय घटनाएं जन-धन की हानि को कई गुना बढ़ा सकती हैं।