वनशक्ति निर्णय: पर्यावरण संरक्षण और नियामकीय व्यावहारिकता के मध्य संतुलन

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा वनशक्ति बनाम भारत संघ मामले में 29 जुलाई, 2026 को दिया गया फैसला भारत के पर्यावरणीय न्यायशास्त्र में लंबे समय से चले आ रहे एक महत्वपूर्ण प्रश्न का समाधान प्रस्तुत करता है कि “पूर्व पर्यावरणीय मंजूरी के बिना शुरू की गई परियोजनाओं का कानूनी भविष्य क्या होगा?” न्यायालय ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) अधिसूचना, 2006 के तहत परियोजना शुरू करने से पहले पर्यावरणीय मंजूरी प्राप्त करना अनिवार्य है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन उल्लंघनकर्ताओं ने पूर्व में उपलब्ध अवसरों के दौरान मंजूरी के लिए आवेदन तक नहीं किया, वे 2017 की अधिसूचना या 2021 की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के माध्यम से बाद में नियमितीकरण का दावा नहीं कर सकते।

पर्यावरण संरक्षण और नियामकीय व्यावहारिकता के मध्य संतुलन

  • इस फैसले ने सभी मामलों में एकसमान कठोर निष्कर्ष अपनाने से परहेज किया है।
  • न्यायालय ने प्रशासनिक कार्यालय ज्ञापन और पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 की धारा 3 के तहत जारी वैधानिक अधिसूचना के बीच अंतर स्पष्ट किया है।
  • कार्यालय ज्ञापन पर्यावरणीय मंजूरी की अनिवार्यता को कमजोर नहीं कर सकता, जबकि वैधानिक अधिसूचना एक वैध विधायी माध्यम बनी रहती है।
  • यह अंतर सरकार के लिए वास्तविक पुराने उल्लंघनों के समाधान हेतु एक नई और एकबारगी व्यवस्था तैयार करने की गुंजाइश बनाए रखता है, लेकिन बार-बार होने वाली “पहले उल्लंघन करो, बाद में नियमितीकरण कराओ” की प्रवृत्ति पर रोक लगाता है।
  • न्यायालय के संकेत के अनुसार, ऐसी किसी भी व्यवस्था का आधार पर्यावरणीय क्षति का आकलन, क्षतिपूर्ति एवं पुनर्स्थापन तथा कठोर अनुपालन संबंधी सुरक्षा उपाय होने चाहिए।

शासन के लिए व्यापक निहितार्थ

  • इस फैसले का प्रभाव बड़ी संख्या में ऐसे औद्योगिक, अवसंरचनात्मक और रियल एस्टेट परियोजनाओं पर पड़ सकता है, जो वर्तमान में नियामकीय अनिश्चितता की स्थिति में हैं।
  • यह फैसला संकेत देता है कि नियामकीय प्रवर्तन और व्यावहारिक दृष्टिकोण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। जहाँ कोई परियोजना अन्यथा निर्धारित मानकों का पालन कर रही हो और उसमें पर्याप्त निवेश हो चुका हो, वहाँ बिना विचार किए उसे ध्वस्त करना प्रतिकूल परिणाम दे सकता है।
  • हालांकि, नियमित रूप से पश्चातवर्ती मंजूरी (Post-facto Approval) देना सामान्य व्यवस्था नहीं बन सकता।

निष्कर्ष

अब गेंद केंद्र सरकार के पाले में है कि वह अपनी वैधानिक शक्तियों का उपयोग करते हुए संतुलित, पारदर्शी और स्पष्ट नियामकीय ढाँचा तैयार करना चाहती है या नहीं। यह फैसला केवल एक विवाद का न्यायिक निपटारा नहीं करता, बल्कि भविष्य की पर्यावरणीय नियमितीकरण नीति की सीमाएँ और दिशा भी निर्धारित करता है। इससे स्पष्ट होता है कि भारत में पर्यावरणीय शासन को कठोर नियामकीय प्रवर्तन के साथ-साथ वैज्ञानिक आधार, जवाबदेही और व्यावहारिक नियामकीय समाधान के समन्वय पर आधारित होना चाहिए।