देखभाल की नैतिकता: अवैतनिक घरेलू कार्य के नैतिक और सामाजिक मूल्य की पहचान

हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने गृहिणियों को “राष्ट्र-निर्माता” के रूप में मान्यता देते हुए घरेलू देखभाल को एक महत्त्वपूर्ण सामाजिक योगदान माना है। यह दृष्टिकोण अवैतनिक देखभाल कार्य के नैतिक महत्त्व को रेखांकित करता है। गृहिणियां केवल घरों का प्रबंधन ही नहीं करतीं, बल्कि मानव संसाधन का निर्माण, भावनात्मक सहारा और सामाजिक ताने-बाने को सुदृढ़ बनाने का कार्य भी करती हैं। इसके बावजूद उनका योगदान लंबे समय तक आर्थिक और नीतिगत विमर्श में अदृश्य बना रहा। न्यायालय का यह समानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण देखभाल कार्य को गरिमा, सम्मान और सामाजिक मान्यता प्रदान करने की नैतिक आवश्यकता को उजागर करता है।

देखभाल का अदृश्य श्रम

  • गृहिणियां परिवार और समाज को बनाए रखने के लिए देखभाल, घरेलू प्रबंधन तथा भावनात्मक सहयोग जैसे महत्त्वपूर्ण कार्य करती हैं।
  • अत्यधिक सामाजिक महत्त्व होने के बावजूद अवैतनिक देखभाल कार्य को प्रायः आर्थिक उत्पादकता के पारंपरिक मापदंडों में स्थान नहीं मिलता।
  • यह अदृश्यता लैंगिक रूढ़ियों को और गहरा करती है तथा महिलाओं के योगदान का अवमूल्यन करती है।

आर्थिक मूल्य से परे पहचान

  • अवैतनिक देखभाल कार्य की मान्यता उन योगदानों के महत्त्व को रेखांकित करती है, जो परिवार और समाज को संबल प्रदान करते हैं, किन्तु अक्सर अनदेखे रह जाते हैं।
  • गृहिणियों को सामाजिक और आर्थिक कल्याण के महत्त्वपूर्ण सहभागी के रूप में स्वीकार करना यह दर्शाता है कि उनका योगदान केवल बाज़ार‑आधारित वेतन या पारिश्रमिक से नहीं आँका जा सकता।
  • अवैतनिक श्रम की मान्यता उन संरचनात्मक असमानताओं को उजागर करती है, जिनके कारण देखभाल और घरेलू कार्य का अनुपातहीन बोझ महिलाओं पर पड़ता है, तथा इससे सार्थक समानता की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होता है।

अधिक संवेदनशील समाज की ओर

  • सार्वजनिक संस्थानों को ऐसी लैंगिक-संवेदनशील नीतियाँ अपनानी चाहिए जो देखभाल संबंधी जिम्मेदारियों को उचित महत्व दें।
  • सामाजिक मान्यता में वृद्धि घरेलू कार्यों के अधिक न्यायसंगत वितरण को प्रोत्साहित कर सकती है।
  • देखभाल कार्य के प्रति सम्मान की भावना एक अधिक समावेशी, संवेदनशील और मानवीय सामाजिक व्यवस्था के निर्माण में सहायक हो सकती है।

न्याय का वास्तविक मानदंड

एक न्यायपूर्ण समाज की पहचान केवल उन कार्यों को सम्मान देने में नहीं है जो दिखाई देते हैं और जिनका आर्थिक प्रतिफल मिलता है, बल्कि उन मौन देखभाल-कार्यों की गरिमा को स्वीकार करने में भी है जो समानुभूति, करुणा और उत्तरदायित्व की भावना से परिवारों और समुदायों को सहारा देते हैं। जब ऐसे अवैतनिक श्रम को उचित मान्यता और सम्मान मिलता है, तब समाज उसके नैतिक और सामाजिक महत्व को स्वीकार करते हुए सामाजिक एकता और सामूहिक कल्याण के मूल्यों को सुदृढ़ करता है।